आदित्य धर की धुरंधर एक स्पाई थ्रिलर मूवी में जिस तरह रणवीर सिंह (Ranveer Singh) हमजा बनकर दूसरे मुल्क में जाकर खतरों से खेलते हैं, ठीक उसी तरह पांच साल पुरानी एक वेब सीरीज में एक लेडी एजेंट ने अपने शातिर दिमाग से दुश्मन देश की सारी रणनीति को बिगाड़ दिया था।
स्पाई एजेंट होने के साथ-साथ एक्ट्रेस एक माहिर हैकर भी थी, जिसने खतरों से खेलते हुए एक खुफिया मिशन को अंजाम दिया था। आज हम आपको एक ऐसी स्पाई थ्रिलर सीरीज के बारे में बताने जा रहे हैं जिसमें कदम-कदम पर सस्पेंस, थ्रिल, एक्शन और ट्विस्ट एंड टर्न्स हैं। इस सीरीज के आगे रणवीर सिंह की धुरंधर (Dhurandhar) भी पीछे रह जाए।
एमी अवॉर्ड जीत चुकी है सीरीज
यह सीरीज साल 2020 में आई थी और अभी तक इसके तीन सीजंस आ चुके हैं। तीनों को ही दर्शकों से खूब सराहना मिली है। इसमें दो देशों के बीच के टेंशंस को दिखाया गया है। इस सीरीज को एमी अवॉर्ड्स से भी नवाजा जा चुका है।
सीरीज के आ चुके हैं तीन सीजंस
यह 2020 में आई इजरायली स्पाई थ्रिलर सीरीज तेहरान (Tehran Series) है। इस सीरीज का पहला सीजन साल 2020 में आया था। इसके दो साल बाद दूसरा सीजन और तीसरा सीजन 2024 में रिलीज किया गया था। कहानी एक ऐसी एजेंट की जिसका हर कदम पर मौत इंतजार कर रही है। उसे न केवल अपनी पहचान छिपानी है, बल्कि अपने दुश्मनों से भी दो कदम आगे रहना है।
सीरीज का हर एपिसोड एक नए ट्विस्ट के साथ खत्म होता है, जिससे आपकी उत्सुकता बनी रहती है। इसमें कोई एक्शन नहीं है, बल्कि इसमें दिमागी और तकनीकी जंग दिखाई गई है। निव सुल्तान की परफॉर्मेंस देखने लायक है।
खतरों से खेलती है लेडी एजेंट
पहले सीजन की कहानी यहूदी लेडी एजेंट तामार राबिनयान (निव सुल्तान) की है जो ईरान में पैदा हुई लेकिन इजरायल में पली-बढ़ी है और इजरायल के लिए ही काम करती है। वह एक मोसाद एजेंट होने के साथ-साथ एक माहिर कंप्यूटर हैकर है। वह ईरानी राजधानी में परमाणु हथियारों को निष्क्रिय करने के एक अंडरकवर मिशन पर जाती है। शातिर दिमाग लगाकर खतरों के बीच वह कैसे अपने मिशन पर काम करती है, कहानी इसी के इर्द गिर्द है।
दूसरे सीजन में दिखा लेडी एजेंट का इमोशनल फैक्टर
ईरान से स्मगलिंग करके कनाडा में नई जिंदगी शुरू करने से पहले तामार एक मिशन पर जाती है। यह मिशन फेल रिएक्टर मिशन के बाद पकड़े गए एक इजरायली पायलट को बचाने का है। जिस हॉस्पिटल में पायलट को रखा गया है, वहां उसकी मुलाकात मरजान मोंटाजामी (ग्लेन क्लोज) से होती है, जो एक ब्रिटिश साइकोथेरेपिस्ट और मोसाद की लोकल एजेंट है।


