ग्वालियर में NH-44 पर खौफनाक मंजर : ट्रक ने कार को एक किलोमीटर तक घसीटा, बाल-बाल बचे चार लोग

एनएच-44 पर बझेरा से कल्याणी तिराहे के बीच एक सनसनीखेज हादसा सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक तेज रफ्तार ट्रक, कार को टक्कर मारने के बाद करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना से हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, कार में चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित हैं। ट्रक के टक्कर मारने के बाद हादसे के दौरान कार सवार लगातार चीखते-चिल्लाते रहे। कई राहगीरों ने अपने वाहनों से ट्रक का पीछा किया और उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक नहीं रुका।

करीब एक किलोमीटर तक कार को घसीटने के बाद ट्रक चालक ने वाहन सड़क किनारे छोड़ दिया और फरार होने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *