मेरठ में तीन हजार उपभोक्ताओं की बत्ती गुल, खूब हुआ हंगामा… सामान्य कटौती नहीं यह रही वजह

 शहर में प्रीपेड कनेक्शन वाले तीन हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। प्रारंभ में लोगों ने इसे सामान्य कटौती समझा, लेकिन बाद में पता चला कि लखनऊ से आदेश पर माइनस बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं।

गंगानगर क्षेत्र में सबसे अधिक लोग प्रभावित हुए। राजेंद्रपुरम बाजार के व्यापारियों ने बताया कि शाम तक उनके प्रतिष्ठानों पर बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। आबूलेन और सदर बाजार में 350 व्यापारियों की दुकानों और घरों के कनेक्शन कटने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। पर्व के पहले इस तरह की कार्रवाई का लोगों ने विरोध किया।

गंगानगर के प्रथम और द्वितीय बिजली उपकेंद्र पर व्यापारी पहुंचे, लेकिन वहां कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। देर रात तक लोगों के कनेक्शन नहीं जुड़े थे। शारदा रोड उपकेंद्र पर ब्रह्मपुरी, शिवशक्ति नगर के उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। गंगानगर के राजेंद्रपुरम मार्केट के व्यापारी आशीष ने बताया कि उनका प्रतिष्ठान और घर एक ही इमारत में है। शनिवार को सुबह से ही बिजली नहीं थी।

मीटर में लाइट आ रही थी। जब आइआइएमटी के पास स्थित उपकेंद्र पर संपर्क किया गया तो वहां कोई सही जानकारी देने को तैयार नहीं था। दोपहर तीन बजे पता चला कि माइनस बैलेंस के कारण उनका कनेक्शन काटा गया है, जबकि उन्होंने पांच फरवरी को ही बिल जमा किया था। शाम को तीन हजार का बिल जमा करने के बाद कनेक्शन जुड़ा। इसी तरह व्यापारी सोनू ने भी अपनी समस्या साझा की।

उन्होंने बताया कि उपकेंद्र पर यह कहकर उन्हें एक नंबर दिया था कि इस पर जमा बिल की प्रति वाट्सएप कर दो, लेकिन उस नंबर पर कोई रिस्पांस नहीं मिला। आबूलेन गणपति प्लाजा के बलबीर व रजबन के इदरीस ने भी ऐसी शिकायत की। आबूलेन व्यापार संघ के महामंत्री राजवीर सिंह ने कहा कि त्योहार के समय इतने कनेक्शन नहीं काटे जाने चाहिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *