अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली बठिंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को दो अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी की देर शाम पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि गुरुशरण सिंह उर्फ शरणी पुत्र रेशम सिंह निवासी गांव जगाराम तीर्थ, जिला बठिंडा, सिविल अस्पताल बठिंडा के आसपास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली की पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस ने सिविल अस्पताल क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो32 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियारों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हथियार कहां से लाया था और उसका किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध है या नहीं।


