ब्रिटेन में भारतीय मूल के इमाम ने ‘जिन्न’ का डर दिखाकर किया यौन शोषण, उम्रकैद की सजा

5.1kViews
1657 Shares

पूर्वी लंदन में एक भारतीय मूल के इमाम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है, जिसने धार्मिक नेता के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिला श्रद्धालुओं का यौन शोषण किया था।

अब्दुल हलीम खान को गुरुवार को स्नेयर्सब्रुक क्राउन कोर्ट में सजा सुनाई गई। उसे 2004 से 2015 के बीच सात महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ किए गए 21 यौन अपराधों का दोषी पाया गया था। जस्टिस लेस्ली कथबर्ट ने आदेश दिया कि 54 वर्षीय खान को पैरोल के लिए पहले कम से कम 20 साल की सजा काटनी होगी।

आध्यात्मिक शक्तियों का झूठा दावा

मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि खान ने आध्यात्मिक शक्तियां होने का झूठा दावा किया था और इन दावों का इस्तेमाल 12 साल तक की कम उम्र की लड़कियों को बहलाने-फुसलाने और यौन शोषण करने के लिए करता था।

अदालत को बताया गया कि खान ने टावर हैमलेट्स में बांग्लादेशी मुस्लिम समुदाय की महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाया, क्योंकि इलाके में उसका काफी प्रभाव था और उसे पता था कि पीड़ित समाज में बदनामी और शर्म के डर से यौन शोषण की रिपोर्ट करने से कतराएंगी।

जिन्न और काले जादू का दिखाया डर

जांच के अनुसार, खान ने पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए स्थानीय मस्जिद में इमाम के रूप में अपनी भूमिका का इस्तेमाल किया और फिर सुनसान जगहों या उनके घरों पर बैठकें तय कीं। शोषण के दौरान, उसने झूठा दावा किया कि उन पर जिन्न या किसी अलौकिक आत्मा का साया है।

मेट्रो पुलिस की डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर जेनी रोनन ने कहा कि अब्दुल खान ने खुद को एक सम्मानित और भरोसेमंद व्यक्ति के रूप में पेश किया। हालांकि, यह सच्चाई से कोसों दूर था, उसने इसके बजाय दूसरों को अपना शिकार बनाया और उनका फायदा उठाया।

क्राउन प्रोसैक्यूशन सर्विस की विशेषज्ञ अभियोजक मेलिसा गार्नर ने कहा कि अब्दुल हलीम खान ने कई वर्षों तक महिलाओं और लड़कियों को अपना शिकार बनाने के लिए एक विश्वसनीय धार्मिक नेता के रूप में अपने पद का दुरुपयोग किया। उसने अपनी यौन संतुष्टि के लिए उन्हें अपने नियंत्रण में रखा और उनके साथ हेरफेर किया।

उन्होंने आगे कहा कि उसने उनके गहरे धार्मिक विश्वासों का इस्तेमाल उनके मन में डर पैदा करने और उन्हें चुप रखने के लिए किया। उसने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि अगर उन्होंने मुंह खोला तो उनके परिवारों पर संकट आ जाएगा।

मुझे उम्मीद है कि यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश देगी कि क्राउन प्रोसैक्यूशन सर्विस महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए अथक काम करेगी और ऐसे घिनौने अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को न्याय के कटघरे में लाएगी।

सालों तक चुप रहने की वजह

जांच के मुताबिक, पीड़ितों को डर था कि अगर उन्होंने इस शोषण के खिलाफ आवाज उठाई, तो तथाकथित काले जादू के जरिए उन्हें या उनके परिवारों को नुकसान पहुंचाया जाएगा। इसी डर के कारण वे सालों तक चुप रहीं।

जांच शुरू होने के बाद पुलिस ने और भी पीड़ितों की पहचान की, जबकि CPS ने कहा कि उसने एक दशक से अधिक समय के अपराधों से जुड़े मामले को मजबूत करने के लिए जांचकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया।

ज्यूरी को जिन्न और काले जादू के संदर्भों को समझाने में मदद के लिए, CPS ने मुकदमे के दौरान सांस्कृतिक संदर्भ प्रदान करने के लिए एक सांस्कृतिक विशेषज्ञ की नियुक्ति की थी। गवाही देने के दौरान पीड़ितों को विशेष सुरक्षा उपाय भी दिए गए थे, जिसमें पहले से रिकॉर्ड की गई जिरह शामिल थी।

ऐसे खुला खान के गुनाहों का चिट्ठा

मेट्रो पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच फरवरी 2018 में तब शुरू हुई, जब सबसे छोटी पीड़िता ने अपने स्कूल की शिक्षिका के सामने इस शोषण का खुलासा किया।

इसके बाद अधिकारियों ने 50 से अधिक गवाहों के इंटरव्यू लिए और 10 मोबाइल फोन उपकरणों की जांच की। पूछताछ के दौरान खान ने सभी आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि ये आरोप एक साजिश और बदले की भावना के तहत लगाए गए हैं।

इस साल फरवरी में, ज्यूरी ने उसे बलात्कार के नौ मामलों, यौन उत्पीड़न के चार मामलों, 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चे के यौन उत्पीड़न के दो मामलों, 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चे के साथ बलात्कार के पांच मामलों और पेनेट्रेशन द्वारा उत्पीड़न के एक मामले में दोषी ठहराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *