हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला में नेता और अधिकारियों के बीच एक और विवाद हो गया है। अब भाजपा विधायक अधिकारियों के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन नोटिस लाएंगे। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने संज्ञान लिया है। 26 जनवरी के कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने डीसी मंडी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस लाया था।
उन्होंने कहा कि के कार्यों की शिलान्यास पट्टिकाओं को उखाड़ दिया गया है। जिन-जिन विभागों के कामों की पट्टिकाएं उखाड़ी गई हैं, सभी विभागों के अधिकारियों के विरुद्ध विधानसभा सत्र में विशेषाधिकार हनन का नोटिस लाया जाएगा। चुने हुए प्रतिनिधि की अनदेखी की गई है, जो बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा मंत्री के कार्यक्रम का न्योता भी नहीं दिया
रिवालसर में पत्रकारों से बातचीत में इंद्र सिंह गांधी ने राज्यस्तरीय छेश्चू मेले में अनदेखी पर रोष जताया। राज्यस्तरीय छेश्चू मेले में शिक्षा मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी गई। मंत्री ने करोड़ों रुपये के भवनों के उद्घाटन व शिलान्यास किए, लेकिन उद्घाटन कार्यक्रम में उन्हें न्योता नहीं दिया गया। इन भवनों के निर्माण के लिए पूर्व जयराम सरकार ने बजट का प्रविधान किया था।
समिति हाल भवन बल्ह के लिए 78 लाख रुपये मंजूर किए थे। अब उस भवन में लगी उनकी शिलान्यास पट्टिका को कूड़ेदान में फेंक दिया गया।
शिलान्यास पट्टिकाएं हटा दीं
पूर्व सरकार के दौरान किए गए उद्घाटन व शिलान्यास पट्टिकाओं को कई स्थानों से हटाया गया है। इनमें रिवालसर नागरिक अस्पताल में लगी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की शिलान्यास पट्टिका, नगर परिषद नेरचौक सड़क व कुम्मी में सिंचाई विभाग की शिलान्यास पट्टिकाएं शामिल हैं। जब विभाग के अधिकारियों से पूछा जाता है तो वे उत्तर नहीं दे रहे हैं।


