श्रावस्ती के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अजय कुमार को आजमगढ़ का नया जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) नियुक्त किया गया है।
वर्तमान जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार को सहायक शिक्षा निदेशक (एडी)-भवन, मुख्यालय प्रयागराज के पद पर तैनात किया गया है।
31 जनवरी को शिक्षक और उनके बच्चों ने 25 लाख रुपये रिश्वत लेकर वेतन भुगतान करने का आरोप लगाया था। पिछले कई दिनों से जिला विद्यालय निरीक्षक का कार्यालय अखाड़ा बना हुआ था। डीआइओएस उपेंद्र कुमार और सह जिला विद्यालय निरीक्षक विरेंद्र प्रताप के बीच कुर्सी को लेकर जंग चल रही थी।
इसके बाद शासन ने उपेंद्र कुमार को हटाने का आदेश जारी किया है। दरअसल तत्कालीन उपेंद्र कुमार एक माह के मेडिकल अवकाश पर गए थे। इसके बाद विरेंद्र प्रताप को डीआइओएस का प्रभार दिया गया था।
अवकाश के बाद कार्यालय लौटे उपेंद्र कुमार ने दोबारा कार्यभार तो संभाल लिया, लेकिन वीरेंद्र प्रताप सिंह की सक्रियता कार्यालय में जिला विद्यालय निरीक्षक की तरह ही बनी हुई थी।
मदनमोहन मालवीय इंटर कालेज कंधरापुर की सहायक शिक्षक डा. प्रिया तिवारी के अनुसार, अंजुमन इस्लामिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दौना लालगंज में उसके पिता अशोक तिवारी शिक्षक हैं।
विद्यालय को वर्ष 2002 में अनुदान सूची में शामिल किया गया था। उस समय तीन पुराने शिक्षकों के स्थान पर तीन नए शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया।
प्रिया का कहना है कि वर्ष 2016 में न्यायालय से वेतन भुगतान के लिए उनके पक्ष में निर्णय आया लेकिन वेतन भुगतान के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि बाद में उपेंद्र कुमार ने विद्यालय के शिक्षकों के वेतन भुगतान के बदले में रुपये की मांग थी। 25 लाख रुपये नकद लेने के बाद उन्होंने वेतन जारी किया था।


