शुक्रवार देर शाम नए बस स्टैंड के पीछे स्थित पालिका बाजार में एक तेज रफ्तार कार के कारण अफरा-तफरी मच गई। पुराना मोहल्ला निवासी एक युवक बस स्टैंड की ओर जा रहा था। बाजार से गुजरते समय वाहन का हिस्सा पैदल जा रही महिला से टकरा गया, जिससे वह घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक घबरा गया और ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा बैठा। इसके चलते कार अनियंत्रित होकर कई राहगीरों को चपेट में लेती हुई दुकानों के बाहर खड़े बाइकों को रौंदते हुए गली की ओर मुड़ गई।
बताया जाता है कि सामने से आती पुलिस गाड़ी को देखकर चालक और विचलित हो गया। गली में प्रवेश करते ही वाहन ने दो और मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा एक हड्डी रोग विशेषज्ञ की दुकान में जोरदार टक्कर मार दी। धमाके से दुकान का हिस्सा टूट गया, हालांकि अंदर बैठे लोग सुरक्षित बच गए। हादसे में एक महिला और एक पुरुष को चोटें आई हैं। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस सहायता 112 और शहर थाना टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने बताया कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


