शिक्षक क्लास में मोबाइल देखते और छात्र हो रहे अनुशासनहीन, सीतामढ़ी में बीईओ ने इस पर लगाई रोक

2.8kViews
1132 Shares

डुमरा प्रखंड में विद्यालय अवधि के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन के उपयोग पर रोक लगा दी गई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अरविंद कुमार ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किया है।

जारी पत्र में प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक, सभी कोटि के शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे स्कूल समय में निजी कार्यों के लिए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे।

बीईओ ने बताया कि विद्यालय निरीक्षण एवं अन्य स्रोतों से प्राप्त शिकायतों में यह सामने आया है कि कुछ शिक्षक कक्षा संचालन के दौरान भी मोबाइल का उपयोग कर रहे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक विकास प्रभावित हो रहा है।

शिक्षकों की सक्रियता कम होने से छात्र अनुशासनहीन हो रहे हैं और कक्षा का वातावरण प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी इस पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि विद्यालय का माहौल पूरी तरह शिक्षण कार्य के लिए समर्पित होना चाहिए।

निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी अत्यावश्यक परिस्थिति में यदि मोबाइल का उपयोग आवश्यक हो तो संबंधित शिक्षक विद्यालय प्रधान से अनुमति लेकर ही इसका इस्तेमाल करेंगे। बिना अनुमति मोबाइल का उपयोग आदेश की अवहेलना माना जाएगा और संबंधित कर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *