करनाल के घरौंडा में शादी के नाम पर 90 हजार की ठगी, बहू को एक दिन बाद ही ले गए आरोपी
क्षेत्र के गांव कलहेड़ी में शादी कराने का झूठा भरोसा देकर करीब 90 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने इस संबंध में घरौंडा थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 नवंबर 2025 को करनाल निवासी मांगा राम, मोदीपुर ढाकला के गुरनाम सिंह, गांधी नगर करनाल की सीमा, आरती तथा गौरव ने उसके बेटे की शादी कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि शुरुआत में बिचौलिए के तौर पर 500 व 600 रुपये लिए गए। इसके बाद पूजा पुत्री रमेश निवासी संगरोली, यमुनानगर की मांग भराई के नाम पर 4500 रुपये वसूले गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर 16 हजार और 10 हजार रुपये भी लिए। करीब तीन माह पहले 13 हजार रुपये और मांगे गए। 12 हजार रुपये शृंगार का सामान खरीदने, 1200 रुपये मेहंदी, 1400 रुपये सूट व दो तोड़े के नाम पर भी लिए गए।
महिला का कहना है कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन 20 हजार रुपये और लिए गए। इसके अतिरिक्त 3500 रुपये पंडित, 2100 रुपये गाड़ी किराया और 500 रुपये फोटोग्राफर के नाम पर वसूले गए। अगले दिन भी 1000 रुपये नकद व 1500 रुपये शृंगार के नाम पर लिए गए। इस प्रकार कुल 90 हजार 300 रुपये की राशि खर्च कराई गई।
बहू को वापस नहीं भेजा
पीड़ित के अनुसार, शादी की रस्में पूरी होने के बाद बहू केवल एक दिन ससुराल में रही। अगले ही दिन सभी आरोपित उसे अपने साथ ले गए। कई बार संपर्क करने व निवेदन करने के बावजूद बहू को वापस नहीं भेजा गया। आरोप है कि अब आरोपी फोन उठाना भी बंद कर चुके हैं।
जांच अधिकारी उमेश त्यागी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नामजद व्यक्तियों से संपर्क कर पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया गया है।


