अयोध्या में होली पहले तीन हजार 53 युवाओं के घर में खुशियों के रंग, रोजगार मेले में नामी कंपनियों में मिली नौकरी
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेला आइईटी परिसर में लगा। प्रतिष्ठित देश की 41 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया। मुख्यअतिथि डॉ. बिजेंद्र सिंह ने मेला की शुरुआत की। कुलपति ने कहा कि अपने लक्ष्य को सिर्फ ‘इच्छा’ में न रहने दें, उसे ‘दृढ़ संकल्प’ से हासिल करें।
बताया कि सफलता रातों-रात नहीं मिलती। सफलता छोटे-छोटे प्रयासों का परिणाम होती है। कहा, बिना संघर्ष कुछ नहीं मिलता। रोजगार प्राप्त करने के लिए ‘डिग्री’ के साथ-साथ स्किल (कौशल) पर ध्यान देना होगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन देवव्रत कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से सभी जिलों में रोजगार मेला आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में सिर्फ तीन प्रतिशत ही रोजगार विद्यमान है और निजी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में स्किल को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है।
संचालन श्रजनिका मिश्रा ने व धन्यवाद वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा ने किया। मेले में एलएंडटी, सैमसंग, वर्धमान, एचसीजी ग्लोबल, ब्रिटानिया, एसबीआई लाइफ, एचडीएफसी बैंक, बंधन बैंक, करियर विजार्ड जैसी प्रमुख कंपनियों में रोजगार पाने के लिए 4479 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें तीन हजार 53 अभ्यर्थी चयनित हुए।
इसमें जिला सेवायोजन अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी सुनील कुमार, डॉ. अंशुमान पाठक, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र पाल, डॉ. राकेश, डॉ. राकेश मिश्र, डॉ. प्रवीण राय, डॉ. अनुराग तिवारी उपस्थित रहे।


