सिंगरौली में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई: 892 अवैध वाहनों पर शिकंजा, 2.36 करोड़ से अधिक राजस्व वसूली

3.0kViews
1837 Shares

सिंगरौली। जिले में अवैध रूप से संचालित वाहनों और बकाया करदाताओं के विरुद्ध परिवहन विभाग ने व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। विक्रम सिंह राठौड़ के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिसंबर 2025 तक कुल 892 अवैध रूप से संचालित वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप विभाग ने 63,99,450 रुपये का राजस्व वसूल किया है।

बकाया वाहन स्वामियों से भी सख्ती

जिला परिवहन अधिकारी एवं उनकी टीम ने नियमित कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ बकाया वाहन स्वामियों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया। विभाग ने बकाया कर जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए अब तक 1,72,84,500 रुपये की अतिरिक्त वसूली की है। इस प्रकार कुल मिलाकर परिवहन विभाग ने लगभग 2 करोड़ 36 लाख 83 हजार 950 रुपये का राजस्व संग्रह कर प्रशासनिक सख्ती और सक्रियता का परिचय दिया है।

उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

उल्लेखनीय है कि जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौड़ को हाल ही में गौरव बैनल, कलेक्टर सिंगरौली द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें सीएम हेल्पलाइन निराकरण में जिले को प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने के लिए दिया गया। परिवहन विभाग लगातार हर माह सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण में जिले और प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर रहा है, जो विभाग की कार्यशैली और जवाबदेही को दर्शाता है।

अवैध वाहनों पर रहेगी कड़ी नजर

इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले में यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध रूप से वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार राजस्व वसूली की जाएगी।उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे समय पर कर एवं अन्य देय राशि जमा करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें, ताकि किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। परिवहन विभाग की इस सक्रियता से जहां राजस्व में वृद्धि हुई है, वहीं अवैध संचालन पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। जिले में विभाग की यह कार्यवाही चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *