जिले में साइबर बदमाशों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला मोतिहारी साइबर थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां सिम अपडेट करने के नाम पर राजद के प्रदेश महासचिव भोला साह से करीब तीन लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़ित ने साइबर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के ब्रह्म टोला निवासी भोला साह ने दिए आवेदन में बताया है कि 24 जनवरी 2025 को नवीन कुमार नामक व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 8931946411 से फोन कर खुद को टेलीकॉम कंपनी का अधिकारी बताया।
199 के रिचार्ज से शुरू हुआ ‘खेल’
उसने कहा कि उनका सिम काफी पुराना हो चुका है, जिसे तत्काल अपडेट कराना जरूरी है, अन्यथा 32 दिनों में सिम बंद हो जाएगा। ठग ने विश्वास में लेकर पहले 199 रुपये रिचार्ज करने को कहा। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर 13,500 रुपये खाते में डलवाए।
फिर पूजा देवी नामक महिला के नंबर पर 32,700 रुपये ट्रांसफर कराया गया और कहा गया कि खाते में 57,000 रुपये वापस आ जाएंगे। इसके बाद सुमन यादव के सीएसपी में रुपये भेजने की बात कहकर 65,500 रुपये और जमा कराए गए।
आरोप है कि ठगों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 98 हजार 200 रुपये की ठगी कर ली। पैसे वापस मांगने पर ठगों ने और रकम जमा करने का दबाव बनाया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और मोतिहारी साइबर थाना में आवेदन दिया।


