स्थानीय रेलवे स्टेशन समेत समस्तीपुर मंडल के सभी ए, बी व सी श्रेणी के स्टेशन अब सुरक्षा सायरन सिस्टम से लैस होंगे। इसके लिए रेल मंडल ने एक निजी एजेंसी को जिम्मा दिया है।
एजेंसी सभी स्टेशनों पर पैनिक इमरजेंसी सिस्टम लगाएगी। यानी अब रेल मंडल के किसी भी स्टेशन पर खतरे का संकेत मिलते ही कोई भी यात्री या रेल कर्मचारी स्टेशनों पर लगे पैनिक इमरजेंसी सिस्टम का बटन पुश कर देता और उस स्टेशन पर जोरदार सायरन बजने लगेगा।
इससे यात्रियों को सतर्क होने का मौका मिलेगा और इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसी और रेल मंडल भी तुरंत अलर्ट हो जाएगा
यहां लगाए जा रहे हैं पैनिक बटन
सहरसा-मानसी रेलखंड के स्टेशनों पर पैनिक इमरजेंसी सिस्टम लगाने का काम शुरू किया गया है। दूसरे चरण में सीतामढ़ी, समस्तीपुर मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बापूधाम मोतिहारी, बेतिया आदि स्टेशन पर इसे लगाया जाएगा।
पूरे सिस्टम की ऑनलाइन मॉनिटरिंग समस्तीपुर मंडल से होगी। 45 से 50 दिनों के अंदर रेल मंडल के स्टेशनों पर पैनिक इमरजेंसी सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा है।
जानकारी के अनुसार, प्रत्येक स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर एक-एक पैनिक इमरजेंसी सिस्टम लगाया जाएगा। इसके अलावा टिकट काउंटर के पास भी यह बटन लगेगा। सिस्टम के पास एक रेड कलर का बड़ा सा बटन होगा।
किसी भी खतरे का संकेत मिलते ही कोई भी व्यक्ति इस बटन को दबाएगा तो तेज सायरन बजेगा। इसके बाद उन स्टेशनों पर तैनात सुरक्षा एजेंसी और स्टेशन मास्टर तुरंत अलर्ट होंगे।
वहीं, सायरन बजाने की ऑनलाइन जानकारी रेल मंडल को भी मिलेगी, जिससे तुरंत सुरक्षा सिस्टम काम करेगा और तुरंत सुरक्षा से जुड़े कर्मचारी रेल और रेल यात्रियों की सुरक्षा में लग जाएंगे।


