सिंगरौली। जिले के बरगवां–बैढ़न बायपास मार्ग पर गड़ेरिया के समीप संचालित एक डामर (हॉट मिक्स) प्लांट से उठता घना धुआं स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। मौके की तस्वीर में स्पष्ट करता है कि प्लांट की चिमनी से काला-भूरा धुआं लगातार निकल रहा है, जिससे आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। तस्वीर में बड़े टैंक और मशीनरी के साथ डामर मिश्रण की प्रक्रिया चलती दिखाई दे रही है। प्लांट के पास कच्ची सड़क और खुले में डामर सामग्री का ढेर भी नजर आ रहा है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि दिनभर धुआं और धूल उड़ती रहती है, जिससे आसपास के खेतों और आबादी पर असर पड़ रहा है।

स्वास्थ्य पर असर की आशंका
ग्रामीणों का आरोप है कि धुएं और धूल के कारण आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि संबंधित विभागों को इसकी शायद जानकारी भी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पर्यावरणीय मानकों पर सवाल
नियमों के अनुसार, हॉट मिक्स प्लांट को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमति लेकर संचालित किया जाना चाहिए और धुआं नियंत्रित करने के लिए फिल्टर सिस्टम लगाना अनिवार्य होता है। यदि इन मानकों का पालन नहीं किया जाता है तो वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से प्लांट की जांच कराने और प्रदूषण मानकों की समीक्षा करने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की अनदेखी कर नहीं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्षेत्रवासियों को राहत मिलती है या नहीं।


