जयंत CWS कॉलोनी में चोरों का तांडव: एक ही रात में 3 मकानों के ताले टूटे, स्कूटी समेत लाखों का सामान पार, चौकी प्रभारी के कार्यशैली पर उठे सवाल?

6.6kViews
1096 Shares

सिंगरौली। जिले के विंध्यनगर थाना के चौकी जयंत क्षेत्र के एनसीएल जयंत परियोजना अंतर्गत CWS कॉलोनी में चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बीती रात अज्ञात चोरों ने कॉलोनी के तीन बंद पड़े आवासों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए और जमकर उत्पात मचाया।

बताया जा रहा है कि जिन आवासों में चोरी हुई, वहां के परिवार बच्चों की छुट्टियों और शादी-विवाह के चलते अपने पैतृक गांव गए हुए थे। सूने मकानों का फायदा उठाकर चोरों ने बड़े ही सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। तीनों घरों के लॉकर तोड़ दिए गए और घर का सारा सामान बिखरा मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने पूरी रात आराम से घरों की तलाशी ली।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर एक स्कूटी भी चोरी कर ले गए, लेकिन कॉलोनी के किसी भी गेट पर उसकी कोई एंट्री दर्ज नहीं हुई। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों से जानकारी के अनुसार, कॉलोनी की सुरक्षा के लिए लगभग 15 सिक्योरिटी गार्ड तैनात होने का दावा किया जाता है, लेकिन इस घटना के बाद यह सवाल उठने लगा है कि ये तैनाती जमीन पर है या सिर्फ कागजों तक सीमित।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा गार्ड अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभा रहे होते, तो इस तरह की वारदात संभव नहीं थी। वहीं, जयंत चौकी पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन गया है।

स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *