सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसके तहत अभिवहन पास (ट्रांजिट पास) के बिना मुरूम का परिवहन करते पाए जाने पर एक वाहन को जब्त किया गया।
खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक MP66 ZH8210 मुरूम का परिवहन करते पाया गया, लेकिन चालक द्वारा वैध अभिवहन पास प्रस्तुत नहीं किया जा सका। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को सुरक्षार्थ कोतवाली वैढ़न में खड़ा कराया गया है।

नियमानुसार की जा रही अग्रिम कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में जुर्माना, राजस्व वसूली अथवा अन्य दंडात्मक प्रावधान लागू किए जा सकते हैं।
अवैध खनन पर सख्ती जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा। कलेक्टर के निर्देश हैं कि राजस्व की हानि रोकने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच की जाए। प्रशासन ने वाहन संचालकों और खनिज कारोबारियों को चेतावनी दी है कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


