ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा? बारिश की उलझन ने सभी टीमों की टेंशन बढ़ाई

1339 Shares

 इंग्लैंड का आज सामना टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में पाकिस्तान से होना है। ये मुकाबला पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के खिलाफ सुपर-8 मैच में मैदान पर वापसी करने के लिए बेताब होगी। इसी मैदान पर पाकिस्तान का पहला सुपर-8 मैच बारिश से धुल गया था, लेकिन आज का मैच सिर्फ मैच नहीं, बल्कि ये सेमीफाइनल के लिहाज से करो या मरो मैच से कम नहीं होगा।

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान की इंग्लैंड से आज भिड़ंत

दरअसल, सुपर-8 में हर टीम को सिर्फ तीन-तीन मैच खेलने हैं और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए कोई भी चूक नहीं करनी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश के चलते मैच रद होने से पाकिस्तान को पहले ही झटका लग चुका है, जिससे इंग्लैंड के खिलाफ आज का मैच बेहद अहम बन गया है। आज भी मैच रद हुआ तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा, लेकिन क्वालिफिकेशन के हिसाब से इससे काम नहीं चलेगा।

ENG vs PAK Weather: बारिश की संभावना बेहद कम

राहत की खबर ये है कि इस बार मौसम काफी बेहतर है। एक्युवेदर के मुताबिक बारिश की संभावना सिर्फ 2 फीसदी है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि मैच में फैंस को पूरे-पूरे ओवर देखने को मिलेंगे। कैंडी के पल्लेकेले में  तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो शाम को 25 डिग्री तक गिर सकता है।

बारिश से धुला मैच तो किसे होगा फायदा?

सुपर-8 मैच में आज पाकिस्तान को श्रीलंकाई परिस्थितियों में खेलने का फायदा मिल सकता है, क्योंकि अभी तक उन्होंने अपने सभी मैच इसी द्वीप पर खेले हैं, जिससे यहां कि पिच को वो समझ चुके हैं।

वहीं, अगर आज का मैच बारिश की वजह से धुल जाता है तो भी पाकिस्तान की मुश्किलें कम नहीं होंगी। उनके पास 2 अंक ही रहेंगे और उन्हें अगले मैच को हर हाल में जीतना ही होगा। इसके अलावा उन्हें सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए बाकी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।

मैच रद होने से सीधा फायदा श्रीलंकाई और न्यूजीलैंड की टीम को मिलेगा, क्योंकि दोनों टीमों के पास मौका है कि वो अपने बचे हुए दो-दो मैच में जीत हासिल कर 5-5 अंक तक पहुंच सके। अगर कई टीमों के 4-4 अंक होते है तो क्वालिफिकेशन का फैसला नेट रन रेट से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *