देवरिया में बीती रात पशु तस्करों की सूचना पर झंगहा पुलिस ने घेराबंदी कर एक तस्कर को पकड़ लिया। इस दौरान दो तस्कर पिकअप से फरार हो गए। तस्करों के कुछ साथी स्कार्पियो में सवार थे। वे पिकअप के पीछे चल रहे थे।
पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो सवार भागने लगे। भागते समय देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर फोरलेन पर पलट गई। स्कॉर्पियो सवार महिला सहित दो की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल है। गौरीबाजार पुलिस मृतकों और घायल की पहचान कर रही है।
गोरखपुर एसओजी को शुक्रवार की देर रात झंगहा थाना क्षेत्र में पशु तस्करों के आने की सूचना मिली थी। इस आधार पर एसओजी टीम और झंगहा थाने की पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक पिकअप पर सवार तीन व्यक्ति आते हुए दिखे। पुलिस को देख तस्करों ने अपनी गाड़ी रोक दी।
पिकअप से जैसे ही एक व्यक्ति नीचे उतरा पुलिस ने पकड़ लिया। इसी बीच पिकअप पर सवार अन्य दोनों गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गए। पीछा करने पर डिवाइडर पार कर पिकअप सवार दूसरी लेन से चले गए और फरार होने में सफल रहे।
इस बीच पिकअप के पीछे आ रही स्कॉर्पियो पर सवार तीन व्यक्ति पुलिस को देख भागने लगे थे। सूचना मिलने पर गौरीबाजार थाना पुलिस ने सीमा क्षेत्र में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो चालक डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन में जाने की कोशिश करने लगा।
इसी दौरान स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिला सहित दो की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे देवरिया मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। देवरिया के एएसपी उत्तरी आनंद पांडेय ने बताया कि स्कार्पियो के पलटने से दो की मौत हुई है। इस दौरान एक घायल है। तीनों की पहचान कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह तस्कर हैं या बदमाश।
गोरखपुर के एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र का कहना है कि तस्करों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। पिकअप से फरार दोनों व्यक्तियों की तलाश चल रही है।
पुलिस ने बताया है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार सवार सभी लोग बिहार के सिवान के रहने वाले हैं।


