SN मेडिकल कालेज में 25 करोड़ के रोबोट से होगी जटिल सर्जरी, अब मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा दूसरे शहर

1029 Shares

 एसएन मेडिकल कालेज की सुपरस्पेशियलिटी (एसएस) विंग में रोबोटिक सर्जरी भी शुरू की जाएगी। इसके लिए 25 करोड़ की कीमत के दो विंची रोबोट खरीदने के लिए के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

रोबोट की मदद से जटिल सर्जरी के साथ ही जूनियर डाक्टरों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। एसएन मेडिकल कालेज की एसएस विंग में न्यूरोसर्जरी, गैस्ट्रोसर्जरी, यूरोसर्जरी के साथ ही कैंसर सर्जरी की जा रही हैं, अब हार्ट सर्जरी भी शुरू होने जा रही है।

प्रदेश के पुराने राजकीय मेडिकल कालेजों में रोबोटिक सर्जरी भी शुरू की जानी है। इसके लिए गठित की गई कमेटी से प्रस्ताव मांगे गए हैं। एसएन मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि एसएस विंग में आने वाले समय में रोबोटिक सर्जरी भी शुरू होनी है।

सबसे उन्नत गुणवत्ता के दा विंची रोबोट के लिए प्रस्ताव भेजा गया है, इसकी कीमत 25 से 30 करोड़ है। रोबोट से न्यूरोसर्जरी, गैस्ट्रोसर्जरी, यूरोसर्जरी सहित अन्य जटिल सर्जरी की जाएंगी।

अप्रैल से शुरू होगा गुर्दा प्रत्यारोपण

एसएस विंग में गुर्दा प्रत्यारोपण शुरू किया जा रहा है। इसके लिए डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम को प्रशिक्षण के लिए एसजीपीजीआइ, लखनऊ भेजा गया है। टीम के प्रशिक्षण के बाद एसजीपीजीआइ की टीम एसएन आएगी।

यहां टीम द्वारा अप्रैल में गुर्दा प्रत्यारोपण किए जाएंगे। 15 दिन तक टीम प्रत्यारोपण करेगी, इसके बाद एसएन की टीम द्वारा गुर्दा प्रत्यारोपण शुरू किए जाएंगे। गुर्दा प्रत्यारोपण के लिए 10 पंजीकरण कराए जा चुके हैं।

डीएम के बाद एमएसीएच की कवायद

एसएन मेडिकल कालेज में न्यूरोलाजी और नेफ्रोलाजी में डीएम की चार-चार सीटें हैं। एसएन प्रशासन द्वारा न्यूरोसर्जरी में एमसीएच की तीन सीटों के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए फैकल्टी सहित अन्य तैयारी पूरी कर ली गई है। सत्र 2026-27 में एमसीएच की तीन सीटें मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *