सुपौल में रिश्वतखोरी बेनकाब : नाग मंदिर के पास 20 हजार लेते अमीन गिरफ्तार, सनसनीखेज मामला उजागर

2.2kViews
1466 Shares

 सुपौल जिले के निर्मली नगर स्थित वार्ड संख्या एक में नाग मंदिर के पास मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सर्वे अमीन को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और राजस्व विभाग में भी हलचल तेज हो गई।

जमीन सर्वे के नाम पर मांगी थी 50 हजार की रिश्वत

जानकारी के अनुसार मरौना अंचल क्षेत्र के खोरमा गांव निवासी सेवानिवृत्त दफादार जय नारायण यादव से जमीन सर्वे के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप है कि सर्वे अमीन विक्रम कुमार ने उनसे कुल 50 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने राशि दो किश्तों में देने की बात कही थी।

पहली किश्त लेने के दौरान दबोचा गया

तय योजना के तहत मंगलवार को पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेकर आरोपी को नाग मंदिर के पास बुलाया गया था। इससे पहले जय नारायण यादव ने मामले की शिकायत निगरानी विभाग में दर्ज कराई थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग पटना की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही सर्वे अमीन ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *