गोंडा में सेल्समैन से लूटपाट करने वाले 3 आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

 मनकापुर पुलिस व एसओजी टीम की सेल्समैन से लूट के आरोपितों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के पास से तमंचा, बाइक व 44 हजार नकद बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि कोतवाली देहात के पंडरी शंकर निवासी प्रेम नाथ गुप्ता ने दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा कि वह गायत्रीपुरम निवासी मोनू सिंह के यहां सीमेंट बिक्री के उपरांत रुपये वसूली का कार्य करते हैं।

25 मई को व्यापारियों से करीब एक लाख 10 हजार रुपये की वसूली कर बाइक से वापस आ रहे थे। मनकापुर-झिलाही मार्ग पर ग्राम बैरीपुर रामनाथ के पास समय पीछे से सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया।

सेल्समैन से की थी लूट

सिर पर चोट पहुंचा कर बाइक की डिग्गी में रखे रुपये लेकर फरार हो गए। पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रभारी एसओजी/सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। 29 मई की भोर में मनकापुर-उतरौला रोड पर (मनवर तिराहा) के निकट चेकिंग के दौरान संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया।

स्वयं को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस के जवाबी फायरिंग में ग्राम अमघटी निवासी ओम प्रकाश यादव के पैर में गोली लग गई।

उसके साथी मौके से भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अमघटी के आशीष यादव व जिला बलरामपुर के थाना रेहरा बाजार के देवरी खेड़ा निवासी प्रदीप वर्मा को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सेल्समैन से लूट कर पैसों को आपस में बराबर-बराबर बांट लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *