डिबाई थाना क्षेत्र के गांव गंगापुर से 27 मई से लापता किशोरी एवं युवक का शव नरौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिलखना के समीप पेड़ पर लटका मिला। किशोरी एवं युवक के लापता होने के संबंध में किशोरी के भाई द्वारा उनकी नाबालिग बहन को बहला फुसलाकर ले जाने के संबंध में युवक गगन के विरुद्ध तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को युवक गगन व किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस के अनुसार दोनों के शव लगभग दो दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
उधर, गुलावठी के मुहल्ला रामनगर ईदगाह के निकट रविवार को विवाहिता ने आत्महत्या कर ली थी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। गाजियाबाद जिले के विजयनगर निवासी हर्ष गुप्ता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखाया है कि उसकी बहन तनु गोयल की शादी गुलावठी निवासी मोहित गोयल के साथ वर्ष 2015 में हुई थी। आरोप है कि मोहित के एक महिला से अवैध संबंध थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था।
बताया कि उसकी बहन तनु के तीन बच्चे है, जो वर्तमान में मोहित गोयल के पास है। पत्नी तनु जब अपने पति मोहित से महिला से अवैध संबंध होने का विरोध किया तो उसने उक्त महिला से शादी करने की धमकी दी। भाई ने बहन के ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। जिससे क्षुब्ध होकर उसकी बहन तनु ने रविवार को फांसी लगा आत्महत्या कर ली। कोतवाल धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर मोहित गोयल, रुखसार, अंकुर गोयल व अनिता गोयल निवासी गुलावठी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


