सोनीपत के गांव दोदवा में युवक युधवीर की हत्या के मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि हमलावरों ने उस पर सूए से 28 से 30 वार किए थे।
जान बचाने के लिए उसने काफी संघर्ष किया लेकिन हमलावरों ने उसे घेरकर वार किए। इसी संघर्ष के चलते उसके हाथों पर भी कई गहरे जख्म पाए गए हैं।
शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर किए गए वार में सुआ उसके फेफड़े में जा घुसा, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बना। दूसरी तरफ सदर थाना पुलिस ने हत्यारोपित गांव दोदवा के अंकित और निकित उर्फ निक्की को गिरफ्तार किया।
पहले से घात लगाए थे आरोपी
बुधवार देर शाम युधवीर जब पिनाना गांव से अपने गांव लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए युवकों ने उसे निशाना बनाया था। गांव में तालाब के निकट मां कैलाशो देवी के सामने ही उसे दौड़ाकर पकड़ा गया और सूए से ताबड़तोड़ हमले किए गए।
हमले में गंभीर रूप से घायल युधवीर को स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां की शिकायत पर सदर थाना में छह युवकों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 11-12 अप्रैल की रात को गांव में शादी समारोह में युधवीर और आरोपितों में झगड़ा हुआ। आरोपित युद्धवीर से रंजिश रखे हुए थे। इसी के चलते सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
युधवीर करता था बैंक की फाइनेंस शाखा में जॉब
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित अंकित और निकित उर्फ निक्की को गिरफ्तार किया। आरोपितों को सोमवार को न्यायालय में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।
आरोपितों से घटना में प्रयुक्त बर्फ तोड़ने वाला सुआ व बाइक बरामद की जाएगी। इसके साथ में अन्य आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। युधवीर एक प्राइवेट बैंक की फाइनेंस शाखा में नौकरी करता था। वह रिकवरी का काम करता था।


