बेंगलुरु में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से रह रहे 124 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार इनमें 48 पुरुष, 42 महिलाएं और 34 बच्चे शामिल हैं।
बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने कहा कि ये लोग अस्थायी झोपड़ियां बनाकर वहां अवैध रूप से रह रहे थे। सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को भेज दी गई है, ताकि अवैध रूप से रह रहे इन बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए पिछले कुछ दिनों से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अब तक करीब 200 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया जा चुका है।


