‘अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास’, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में की एयरस्ट्राइक तो आया भारत का रिएक्शन
पाकिस्तान के अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर किए गए हवाई हमलों के बाद भारत का पहला रिएक्शन सामने आया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन हमलों में निर्दोष महिलाओं और बच्चों के मारे जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की।
पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान पर किए गए हवाई हमलों को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “भारत रमजान के पवित्र महीने के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिकों की जान लेने वाले पाकिस्तान के अफगान क्षेत्र पर किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है। ”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “भारत पाकिस्तान के अफगान क्षेत्र में किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, पाकिस्तान ने यह कार्रवाई तब की है, जब रमजान का पवित्र महीना चल रहा है, इस दौरान महिलाओं, बच्चों समेत नागिरकों की जान लेना निंदनीय है।”
रणधीर जायसवाल ने आगे कहा, “यह पाकिस्तान द्वारा अपनी आंतरिक विफलताओं को बाहरी रूप देने का एक और प्रयास है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपने समर्थन को दोहराता है।”
अफगानिस्तान ने दी कार्रवाई की चेतावनी
जहां एक ओर पाकिस्तान इन हमलों को हाल ही में हुए आत्मघाती विस्फोटों का ‘प्रतिशोध’ बता रहा है, वहीं अफगानिस्तान ने नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पाकिस्तान ने कहा कि उसने अफगानिस्तान के अंदर कम से कम सात आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए सैन्य हमलों में 70 आतंकवादियों को मार गिराया, और इस कार्रवाई को देश में हाल ही में हुए विद्रोही हमलों के प्रतिशोध के रूप में बताया।


