CM नीतीश के बयान पर विपक्ष का तीखा हमला; RJD व‍िधायक ने कहा-अपना इलाज कराएं मुख्यमंत्री

2.7kViews
1006 Shares

बिहार विधानपरिषद में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) समेत विपक्षी दलों ने कड़ा एतराज जताया है।

इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को भी सदन में जमकर हंगामा हुआ। मंत्री अशोक चौधरी और राजद एमएलसी सुनील सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

इस बीच राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उन्‍होंने कहा क‍ि मुख्‍यमंत्री को अपना इलाज कराना चाहिए।

समय पर दवा खाना चाहिए। क्‍योंक‍ि उनकी मानसिक स्‍थ‍ित‍ि ठीक नहीं है। उन्‍होंने यह भी कहा कि सीएम के आसपास रहने वाले लोग उनका सही तरीके से ध्‍यान नहीं रख रहे हैं।

माफी योग्‍य नहीं सीएम का बयान

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विधानपरिषद में मुख्यमंत्री ने विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के साथ जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया, वह निंदनीय है और माफी के योग्य नहीं है।

भाई वीरेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने शब्दों और आचरण पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें दोनों सदनों में अपने वक्तव्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।

असुरक्ष‍ित महसूस कर रहे ब‍िहार के लोग

राजद विधायक ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में लूट, बलात्कार और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

छोटी-छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म कर उनकी हत्या की जा रही है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे नीट छात्रा का मामला हो या अन्य घटनाएं, सरकार केवल लीपापोती कर रही है।

भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार सुशासन का दावा करती है, लेकिन राज्य की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। आखिर कहां है सुशासन। इस अवसर पर पूर्व मंत्री आलोक मेहता, कुमार सर्वजीत आदि भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *