कासगंज: 25 हजार का इनामी किसान नेता अलीगढ़ से गिरफ्तार, किसान संगठन के नाम पर लोगों से करता था धन उगाही

1071 Shares

सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कुमरौआ निवासी 25 हजार के इनामी को सदर कोतवाली और एसओजी टीम ने अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित काफी दिनों से वांछित चल रहा था। सुराग मिलने पर कार्रवाई की गई है। आरोपी भाेले-भाले लोगों को संगठन के नाम पर गुमराह कर उनसे धन उगाही करता था। उसे जेल भेजा गया है।

काफी समय से चल रहा था वांछित, सुराग मिलने पर की कार्रवाई

भारतीय किसान यूनियन स्वराज गुट से जुड़े गांव कुमरौआ निवासी ग्राम प्रधान आयेंद्र यादव पुत्र नत्थू सिंह पर अवैध रूप से किसान संगठन संचालित करने, भोले-भाले लोगों को संगठन के नाम पर उनसे धन उगाही करने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप हैं। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।

किसान संगठन के नाम पर गुमराह कर लोगों से करता था धन उगाही

एसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी रखा था। आरोपित स्वयं को किसान नेता बताकर क्षेत्र में सक्रिय था और संगठन के नाम पर ग्रामीणों से आर्थिक सहयोग लेता था। इसके साथ ही उस पर विभिन्न धाराओं में मामले पंजीकृत हैं। सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि आरोपी अलीगढ जिले के थाना दादों क्षेत्र के गांव ऊंधाखेड़ा में मौजूद है।

सूचना के आधार पर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि आरोपित काे न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *