UAE ने हवाई उड़ानों पर लगाया प्रतिबंध, AI को कैंसिल करनी पड़ीं फ्लाइट्स तो IndiGo ने बदली टाइमिंग

पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात के कारण पूरे क्षेत्र में उड़ानों के संचालन पर पाबंदियां लग गई हैं और उनके शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा है। इस बीच एअर इंडिया ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए तय कई उड़ानें रद कर दीं। इनमें दुबई, रास अल खैमाह और शारजाह की उड़ानें शामिल हैं।

एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में एअर इंडिया ने कहा कि यूएई के एयरपोर्ट अधिकारियों ने एयरलाइंस को अपने ऑपरेशन कम करने के निर्देश दिए हैं। एयरलाइन ने कहा, “यूएई में एयरपोर्ट अधिकारियों से मिले ताजा निर्देशों को देखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस को 15 मार्च 2026 के लिए अपने एड-हॉक ऑपरेशन कम करने पड़ रहे हैं।”

कौन सी उड़ानें की गईं रद?

बयान में आगे कहा गया, “एअर इंडिया उस दिन दिल्ली-दुबई की केवल एक वापसी उड़ान संचालित करेगी, जबकि दुबई के लिए निर्धारित पांच में से चार उड़ानें रद कर दी गई हैं। एअर इंडिया एक्सप्रेस भी दिल्ली-दुबई की केवल एक वापसी उड़ान संचालित करेगी, जिसमें दुबई के लिए निर्धारित छह में से पांच उड़ानें रद कर दी गई हैं। अबू धाबी में उस दिन एअर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें रद कर दी गई हैं।”

हालांकि, कैंसलेशन से प्रभावित यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के भविष्य की किसी तारीख के लिए दोबारा बुकिंग करने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।

IndiGo ने भी बदला समय

इस बीच इंडिगो ने यात्रियों को यह भी सूचित किया कि दुबई में उड़ान संचालन को और सीमित कर दिया गया है। एक्स पर एक पोस्ट में एयरलाइन ने कहा, “मिडिल ईस्ट में बदलती स्थिति के कारण दुबई में फ्लाइट ऑपरेशन और भी ज्यादा सीमित कर दिए गए हैं, जिससे फ्लाइट के शेड्यूल में बदलाव हुए हैं। दुबई आने-जाने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर देख लें। हम यात्रियों को ताजा जानकारी देने के लिए उन्हें नोटिफिकेशन भी भेज रहे हैं।”

ये घटनाक्रम पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के कारण एविएशन सेक्टर में आई बड़ी रुकावटों के बीच सामने आए हैं, जिससे एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतें भी बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *