लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बड़ा अपडेट, 25 मार्च तक पूरा होगा हो जाएगा एलिवेटेड रोड का काम

2.9kViews
1587 Shares

 लखनऊ से कानपुर को जोड़ने वाले एक्सप्रेस वे की एलीवेटेड रोड का काम अंतिम चरण में है। इससे मार्च के तीसरे सप्ताह यानी 25 मार्च तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है।

यहां ट्रांसमिशन लाइन शिफ्ट करने का काम किया जा रहा था। अधिकांश काम पूरा कर लिया गया है। कार्यदायी संस्था पीएनसी ने यहां काफी तेजी से काम किया है।

बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने पीएमओ कार्यालय को 31 मार्च तक सिविल का काम पूरा होने की बात लिखकर भेजी थी, इसी क्रम में प्राधिकरण की पूरी टीम इस लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए लगी हुई है।

स्कूटर इंडिया चौराहे गौरी में मुख्य मार्ग के ऊपर से गुजर रही ट्रांसमिशन लाइन के कारण यह परियोजना काफी समय तक बाधित रही, जिससे निर्माण कार्य की रफ्तार प्रभावित हुई। हालांकि अब संबंधित विभागों के समन्वय और तकनीकी स्वीकृतियों के बाद निर्माण को अंतिम रूप दिया जा रहा है और अधिकारियों ने इसे अप्रैल माह से आम जनता के लिए शुरू किए जाने की बात कही है।

यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त मार्गों में से एक पर बनाया जा रहा है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। निर्माण में देरी के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को जाम और धीमी गति की समस्या से जूझना पड़ा।

एलिवेटेड मार्ग के शुरू होने के बाद ऊपर से गुजरने वाला यातायात बिना किसी अवरोध के संचालित हो सकेंगे। वहीं नीचे की सड़क स्थानीय यातायात के लिए उपयोग में लाई जाएगी। इससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और यात्रा समय में कमी आएगी।

कार्यदायी संस्था द्वारा सड़क का डामरीकरण करने, मार्ग प्रकाश, दिशा सूचक और सुरक्षा संबंधी अन्य कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं। साथ ही तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा मानकों की जांच भी अंतिम चरण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *