जनगणना-2027 की तैयारी शुरू, बोकारो में मकान सूचीकरण का पहला चरण जल्द
भारत की जनगणना-2027 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इसके तहत प्रथम चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के लिए प्रश्नावली की अधिसूचना जारी कर दी गई है। झारखंड के बोकारो जिले में भी इस दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं।
बोकारो में जनगणना के पहले चरण के अंतर्गत घर-घर जाकर आवासीय, सामाजिक और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। यह चरण जनसंख्या गणना से पहले आयोजित किया जाएगा। द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की प्रश्नावली अलग से अधिसूचित की जाएगी।
33 बिंदुओं पर होगी जानकारी दर्ज इस बार मकान सूचीकरण के दौरान भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, पेयजल की उपलब्धता, शौचालय, रसोई, बिजली, इंटरनेट, मोबाइल फोन, वाहन सहित कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया से जिले में आवासीय और सामाजिक ढांचे की सटीक तस्वीर सामने आएगी, जो आगे की नीतिगत योजनाओं और विकास कार्यों के लिए आधार बनेगी।


