हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में 37 विधायकों वाली कांग्रेस सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के खिलाफ पूरी तरह से उग्र नजर आएगी। विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 24 व 25 फरवरी को दो दिन विधानसभा का घेराव करने का निर्णय लिया गया।
24 फरवरी को विधायक नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर तक पहुंचेंगे। अगले दिन 25 फरवरी को मनरेगा को खत्म करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायकों द्वारा विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इन दोनों प्रदर्शनों का नेतृत्व विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे, जबकि हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी इनमें शामिल होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के चंडीगढ़ निवास पर हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधानसभा में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा हुई। विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी को आरंभ हो रहा है। बैठक में विधायकों के साथ चर्चा करने के बाद विपक्ष के नेता ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। आम आदमी सुरक्षित नहीं है। व्यापारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं। प्रदेश में जलभराव की स्थिति में अभी तक सुधार नहीं हुआ है। लाखों लोगों की पेंशन काट दी गई है। राज्य से बाहर के युवाओं को नौकरियां प्रदान की जा रही हैं।
भूपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य लगातार कर्ज में डूब रहा है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। प्रति व्यक्ति आय में लगातार कमी आती जा रही है। केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकारें होने के बावजूद अभी तक एसवाईएल नहर के निर्माण पर हरियाणा के पक्ष में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू नहीं किया जा रहा है। राज्य सरकार ने राजधानी चंडीगढ़ पर अपना दावा छोड़ दिया है। प्रदेश में अवैध माइनिंग माफिया पूरी तरह से सक्रिय है। गरीब लोग अपनी पेंशन बनवाने, राशन कार्ड दोबारा चालू कराने व परिवार पहचान पत्र की त्रुटियां ठीक कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, मगर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
विपक्ष के नेता ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस विधायक सदन में सरकार से जवाब मांगेगी। कई विधायक काम रोको प्रस्ताव लाएंगे तो कुछ विधायकों ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए हैं। हुड्डा ने बताया कि 24 फरवरी को एमएलए हास्टल के बाहर से सुबह दस बजे कांग्रेस विधायक जुलूस की शक्ल में प्रदर्शन करते हुए विधानसभा पहुंचेंगे। अगले दिन 25 फरवरी को हरियाणा कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से दोपहर बारह बजे मनरेगा को बंद करने के विरुद्ध प्रदर्शन किया जाएगा। इस विधानसभा घेराव में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा कांग्रेस विधायक भी शामिल होंगे।


