नैनीताल जेल के एचआईवी पॉजिटिव कैदी की हल्द्वानी अस्पताल में मौत, नशे के इंजेक्शनों ने किया ये हाल
नैनीताल जेल में एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद विचाराधीन बंदी ने हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। लंबे समय से वह बीमार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार बनभूलपुरा निवासी 30 वर्षीय युवक नशे के इंजेक्शन का आदी था। पुलिस ने उसे वर्ष 2025 अप्रैल में एनडीपीएस एक्ट के मामले में नैनीताल जेल भेज दिया था। नशे के इंजेक्शन का सेवन करने से वह एचआईवी पाजिटिव बीमारी से ग्रस्त था। इसके चलते वह समय-समय पर बीमार रहता था।
जेल में तबीयत बिगड़ने से बंदी को 12 फरवरी को नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में रेफर कर दिया था। बंदी को पूर्व में काला पीलिया भी हुआ था।हालांकि इससे वह ठीक हो गया था। लंबे समय से बुखार होने के चलते एसटीएच में बंदी का उपचार चला। जिसके बाद बुधवार की देर रात कैदी की मौत हो गई और शव को पोस्टमार्टम भेज दिया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम हाउस में स्वजन पहुंचे। जहां मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी टीम के साथ बंदी के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।


