होप की तूफानी पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने लगाया जीत का ‘चौका’, इटली ने दिल जीतते हुए सफर किया समाप्त
कप्तान शाई होप की बेहतरीन पारी के दम पर वेस्टइंडीज की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली को 42 रनों से हरा दिया है। इसी के साथ उन्होंने ग्रुप स्टेज के अपने सभी चार मुकाबले जीत लिए हैं। विंडीज की टीम ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया है और सुपर-8 के लिए अपराजित क्वालीफाई किया है। होप की अगुवाई वाली टीम ने इंग्लैंड को भी मात दी थी।
अब सुपर-8 में वेस्टइंडीज की टीम भारत के ग्रुप में शामिल है और वे सभी टीमों के लिए खतरा हैं। सुपर-8 के ग्रुप-1 में भारत के साथ साउथ अफ्रीका की टीम ऐसी है, जो सेमीफाइनल के दावा पेश कर रही है लेकिन वेस्टइंडीज की टीम इन दोनों के खतरा साबित हो सकती है। उन्होंने इटली को भी हराने के साथ चारों मुकाबले जीतकर इस बात को साबित कर दिया है।
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। विंडीज के लिए कप्तान शाई होप ने कमाल की बल्लेबाजी की और अपनी टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। होप ने 46 गेंदों पर 75 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा शेरफेन रदर्फोड दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जो 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे।
इटली के लिए बेन मैनेंटी और क्रिशन कलुगामेज ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। कोलकाता में खेले गए मुकाबले में ये स्कोर अधिक बड़ा नहीं था लेकिन वेस्टइंडीज की टीम इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रही है और उन्होंने ग्रुप स्टेज में अपने सभी मुकाबले जीते हैं।
वेस्टइंडीज ने इटली के खिलाफ जीता मुकाबला
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करते उतरी इटली की टीम 18 ओवरों में 123 रनों पर सिमट गई। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने मुकाबले को 42 रनों से अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज के लिए शमार जोसेफ ने कमाल की गेंदबाजी की और उन्होंने 4 ओवर में 30 रन खर्च करके हुए 4 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा मैथ्यू फोर्ड को भी 3 सफलता मिली। गुडाकेश मोती को 2, जबकि अकील हुसैन को 1 विकेट मिला। पहली बार टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली इटली ने एक मुकाबला जीता और नेपाल को मात दी।


