India Weaknesses T20 World Cup 2026 Super 8। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में लगातार 4 जीत दर्ज करने के बाद अब टीम इंडिया की असली परीक्षा सुपर-8 में होने वाली है। ‘सूर्या ब्रिगेड’ ने अब तक शानदार खेल दिखाया है, जहां टीम इंडिया मौजूदा समय में ग्रुप-ए की अंक तालिका में पहले स्थान पर +2.500 के नेट रन रेट के साथ मौजूद है।
भारत ने अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत हासिल की है, लेकिन बड़े मुकाबलों से पहले कुछ ऐसी खामियां हैं जिन्हें नजरअंदाज करना टीम को भारी पड़ सकता है। ऐसे में जानते हैं भारत की उन कमजोरियों के बारे में।
1. लचर फील्डिंग
ग्रुप स्टेज के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने कई अहम मौकों पर कैच छोड़े हैं। 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मैच में भारत की खराब फील्डिंग देखने को मिली। आखिरी ओवर में भारत ने लगातार दो गेंद पर दो कैच छोड़े। पहले रिंकू और कप्तान सूर्या की टक्कर हो गई, जिसके चलते कैच छूट गया। उसके बाद तिलक वर्मा से भी कैच ड्रॉप हुआ।
ऐसे में सुपर-8 में भी अगर खराब फील्डिंग का नजारा देखने को मिला और कोई एक कैच भी छूटा तो, उससे भारत के हाथ से मैच और टूर्नामेंट दोनों निकाल सकता है।
2. टॉप-ऑर्डर की निरंतरता
भले ही मिडिल ऑर्डर में सूर्या और हार्दिक ने कमान संभाली हो, लेकिन अभिषेक शर्मा का बल्ला अब तक खामोश रहा है। पावरप्ले में दमदार शुरुआत न मिलना मिडिल ऑर्डर पर ज्यादा प्रेशर डाल रहा है। ऐसे में सुपर-8 की पिचों पर शुरुआती 6 ओवरों का फायदा उठाना भारत के लिए जरूरी होगा। ईशान किशन का साथ अभिषेक शर्मा को देना होगा, ताकि भारतीय टीम सुपर-8 में मजबूत शुरुआत कर सकें।
3. ‘मिस्ट्री स्पिन’ के सामने चुनौती
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी देखा गया कि भारतीय बल्लेबाज नई तरह की स्पिन गेंदबाजी (जैसे उस्मान तारिक) के सामने थोड़े असहज नजर आए। वेस्टइंडीज की पिचों पर स्पिनर्स का रोल बढ़ जाएगा, ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को अपने फुटवर्क पर ध्यान देना होगा।


