बेंगलुरु में एक क्रिकेट मैच के बाद दो दोस्तों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद हत्या तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, प्रशांत (33) और रोशन हेगड़े (37) मैच खत्म होने के बाद खुले मैदान में बैठकर बीयर पी रहे थे। इसी दौरान सिगरेट जलाने के लिए लाइटर को लेकर दोनों में कहा-सुनी हो गई।
यह विवाद जल्द ही हाथापाई में बदल गया। गुस्से और नशे की हालत में दोनों ने एक-दूसरे पर बीयर की बोतल से हमला किया। इस झगड़े में प्रशांत की मौत हो गई।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, लाइटर को लेकर शुरू हुआ यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों ने धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर रोशन हेगड़े ने प्रशांत पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना एक छोटे से विवाद के कारण हुई, जो शराब और गुस्से के चलते जानलेवा साबित हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी रोशन हेगड़े को हिरासत में लिया गया है।


