बर्फबारी से बढ़ी पर्यटकों की मुश्किलें, मनाली-मसूरी-नैनीताल में लगा लंबा ट्रैफिक जाम
पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी ने जहां पर्यटकों को आकर्षित किया है, वहीं उनकी परेशानियां भी बढ़ा दी हैं। हिमाचल प्रदेश के मनाली में सोमवार को पांच किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कड़ाके की ठंड के बीच घंटों तक फंसे रहने से पर्यटकों का हाल बेहाल हो गया।
इसी तरह उत्तराखंड के मसूरी और नैनीताल जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों से लौटते समय भी पर्यटकों को कई जगह जाम का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, मनाली में पर्यटकों को लेकर 40 से अधिक लग्जरी बसें पहुंची थीं।
16 किमी पहले ही रोक दी गईं बसें ट्रैफिक जाम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बसों को मनाली से 16 किलोमीटर पहले पतली कूहल में ही रोक दिया। सुबह के समय बड़ी संख्या में पर्यटक घर वापसी कर रहे थे, जिससे जाम और भी लंबा हो गया।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि बर्फबारी के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान धैर्य रखें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।


