कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जाने वाले वाहन चालक ध्यान दें, दो डंपर टकराने से 7 किमी तक लगा भीषण जाम

2.0kViews
1546 Shares

नवीन गंगापुल से लेकर राजधानी मार्ग पर महेश मार्ग तक पीक आवर्स में बुधवार भीषण जाम लग गया। जाम की वजह दही क्षेत्र में दो डंपर के आपस में टकराना बताया जा रहा है। साथ ही पीक आवर्स में बालूघाट मोड़ के रास्ते का संकरा होना और सीताराम कालोनी व मनोहरनगर की ओर नवीनपुल के मुहाने के पास से कई वाहनों का मुड़ना भी रहा। इससे कानपुर लखनऊ मार्ग पर सात किमी तक लंबा जाम लग गया।

सुबह लगभग साढ़े नौ बजे नवीन गंगापुल से लेकर राजधानी मार्ग पर महेश मार्ग तक कई सैकड़ा वाहन फंसे रहे। ई-बसें, कार, टेंपो, लोडर, बाइक आदि वाहनों पर सवार राहगीर जाम से जूझते रहे। जाम की वजह से गलियों से होकर दुपहिया व ई-रिक्शा आदि वाहन निकले। जिससे वहां भी जाम लग गया। शुक्लागंज से कानपुर जा रही दो एंबुलेंस भी जाम में फंसी रहीं।

पुलिसकर्मी भी परेशान

शुक्लागंज से कानपुर जाने वाले व कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव की ओर आने वाले राहगीरों को जाम में फंसकर परेशान होना पड़ा। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी श्री दुर्गा मंदिर के सामने बने कट से लेकर नवीन पुल तक डटे रहकर पसीना बहाते रहे। बमुश्किल रेंग-रेंग कर वाहन निकलते रहे। लगभग साढ़े 11 बजे तक रेंग-रेंगकर वाहन निकलते रहे। जाम खुलवाने में पुलिस कर्मी जुटे मौजूद रहे। गंगाघाट कोतवाल अजय कुमार सिंह ने बताया कि रास्ता संकरा होने व सुबह के समय यातायात अधिक होने की वजह से जाम लग गया था। जिसे खुलवाकर यातायात सुचारु कराया गया है। जाम खुलवाने के लिए पुलिस, होमगार्ड व पीआरडी जवान तैनात रहे। जाम खुलवाया जा रहा है।

हाईवे पर दही क्षेत्र में टकराए दो डंपर

कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बुधवार सुबह 10 बजे दही क्षेत्र में दो डंपर के आपस में टकराने व उन्हें हटाने के दौरान जाम लग गया। गदनखेड़ा चौराहे तक भीषण जाम लग गया। जल्दी निकलने की होड़ में वाहन शहर के अंदर घुसे तो पूरा शहर चोक हो गया। हाईवे की मुख्य लेन के साथ-साथ दोनों सर्विस लेन तक में वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह से शुरू हुआ जाम तीन घंटे दोपहर एक बजे तक जारी रहा। सैकड़ों वाहन और यात्री घंटों फंसे रहे।

हाईवे पर थीम रफ्तार

हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहन इंच-इंच आगे बढ़ने को मजबूर रहे। कई स्कूली वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। नौकरी पेशा वाले लोग जाम में फंसकर कराहते नजर आए। कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं। स्थिति तब और खराब हो गई जब हाईवे का दबाव सर्विस लेन पर पहुंच गया। बचने के लिए लोग सर्विस लेन पर मुड़े, लेकिन वहां भी कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *