DDA के फ्लैट खरीदारों को बड़ी राहत, अब नहीं देना होगा पार्किंग शुल्क; बचेंगे लाखों रुपये

2.9kViews
1183 Shares

 दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की चल रही आवासीय योजनाओं में फ्लैट खरीदने वालों को पार्किंग स्थल के लिए अलग से भुगतान नहीं करना होगा। यानी खुले ढके हुए किसी भी तरह की पार्किंग के लिए शुल्क नहीं देना होगा।

इससे अलग-अलग श्रेणी के फ्लैट के मूल्य में पांच लाख रुपये से लेकर 12 लाख रुपये तक की कमी आएगी। यह लाभ नए व पुराने दोनों तरह के खरीदारों को मिलेगा। डीडीए के इस कदम से उसकी चार आवासीय योजनाओं में फ्लैट सस्ते हो जाएंगे।

इन योजनाओं में मिलेगा फायदा

कर्मयोगी आवास योजना 2025 (पहले आओ पहले पाओ), डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवासीय योजना 2025 (ई-नीलामी), डीडीए नागरिक आवास योजना 2026 (पहले आओ पहले पाओ) और डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवासीय योजना 2026 (पहले आओ पहले पाओ) में घर खरीदने वालों को इसका लाभ मिलेगा।

डीडीए द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब फ्लैट के प्लिंथ एरिया रेट (पीएआर) की गणना करते समय पार्किंग सुविधा के निर्माण की लागत को आवासीय क्षेत्र के विकास के लिए कुल व्यय में शामिल किया जाएगा।

अलग से नहीं देना होगा पार्किंग शुल्क

पार्किंग की लागत परियोजना की कुल लागत का हिस्सा होगी। खरीदारों को अलग से कोई शुल्क नहीं देना होगा। किसी फ्लैट की प्लिंथ एरिया की गणना उसके कुल कवरड एरिया पर आधारित होती है। इसमें कॉर्पेट एरिया, आंतरिक और दीवारों की मोटाई, सामुदायिक हाल, पंप हाउस आदि को शामिल किया जाता है।

पहले मूल्य निर्धारण के फार्मूला में कार या स्कूटर गैरेज और पार्किंग स्थलों के निर्माण की लागत शामिल थी। लागत की गणना गैरेज के आधार क्षेत्र को पीएआर से 60 प्रतिशत से गुणा करके और मूल्यह्रास को समायोजित करके की जाती थी। इसी प्रकार पार्किंग स्थलों की गणना पार्किंग के आधार क्षेत्र को पीएआर से गुणा करके और मूल्यह्रास को समायोजित करके की जाती थी। फिर इस राशि को फ्लैट के कुल मूल्य में जोड़ दिया जाता था।

कितने लाख कम होंगे फ्लैट के दाम?

कर्मयोगी आवास योजना में 11 वर्ग मीटर पार्किंग स्थल के साथ एचआईजी फ्लैट लगभग 10 लाख रुपये और एमआइजी फ्लैट चार से पांच लाख रुपये सस्ती हो सकती है। टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवास योजना में पार्किंग का आकार बड़ा होने के कारण अधिक छूट मिलेगी। जिन लोगों ने पहले इन योजनाओं में फ्लैट खरीदे हैं और उनसे पार्किंग शुल्क वसूला गया है तो उन्हें पैसे वापस मिलेंगे या अगली किस्त में समायोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *