रोहतक के एमडीयू में दो छात्र गुटों के बीच झगड़ा, कार से टक्कर मारने का प्रयास

2.8kViews
1349 Shares

महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) परिसर में मंगलवार दोपहर दो छात्र गुटों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के समर्थक छात्र भी मौके पर एकत्रित हो गए।

इस दौरान एक छात्र की ओर से कार से दूसरे छात्र को टक्कर मारने का प्रयास किए जाने का आरोप है। हालांकि, छात्र बच गया और कार पास में खड़ी दूसरी गाड़ी से टकरा गई। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है और न ही पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय किसी बात को लेकर दो छात्रों के बीच बहस शुरू हुई। शुरुआत में मामूली कहासुनी थी, लेकिन कुछ ही देर में मामला गर्मा गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की व हाथापाई होने लगी। इसके बाद दोनों छात्रों ने अपने-अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया।

देखते ही देखते परिसर में दोनों गुटों के कई छात्र एकत्रित हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झगड़े के दौरान एक गुट की ओर से वरना कार मौके पर लाई गई और आरोप है कि कार चालक ने दूसरे गुट के एक छात्र की ओर वाहन बढ़ाया।

छात्र ने समय रहते खुद को बचा लिया, जिससे वह बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गया। थाना पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत दी जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *