जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट ने दान किए अरबों रुपये, बताया डोनेशन देते समय किसके बारे में सोचती हैं?
अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस की एक्स-वाइफ मैकेंजी स्कॉट ने अरबों रुपये दान कर दिए थे। अब उन्होंने बताया है कि जब वह डोनेशन देती हैं तो वह किसके बारे में सोचती हैं। उनका कहना है कि बड़े पैमाने पर परोपकार करने का यह नजरिया उनके शुरुआती सालों में लोगों से मिले दयालु स्वभाव से मिला है।
पिछले साल अक्टूबर में अपनी समाज सेवी संस्था यील्ड गिविंग वेबसाइट पर छपे एक लेख में स्कॉट ने कहा कि वह अक्सर उन लोगों के बारे में सोचती हैं जिन्होंने कॉलेज स्टूडेंट के तौर पर पैसे की तंगी में उनकी मदद की थी।
कॉलेज के दिनों में दोस्तों से लिया था उधार
उन्हें याद करते हुए कहा कि जब वह इलाज का खर्च नहीं उठा सकती थीं तो उन्होंने पढ़ाई छोड़ने से बचने के लिए अपने कॉलेज रूममेट से पैसे उधार लिए थे और एक लोकल डेंटिस्ट से मुफ्त में दांतों का इलाज कराया था।
स्कॉट ने लेख में लिखा, “ये ऐसे असर हैं जो हमारे किसी भी दयालु काम की ताकत की कल्पना करना नामुमकिन बना देते हैं। जब भी मैंने हजारों तोहफे दिए तो मैंने किसकी दरियादिली के बारे में सोचा? वह लोकल डेंटिस्ट ही था जिसने मुझे कॉलेज में टूटे हुए दांत को डेन्चर ग्लू से जोड़ते हुए देखकर मुफ्त डेंटल वर्क की पेशकश की थी।”
उन्होंने आगे कहा, “कॉलेज की रूममेट ने मुझे रोते हुए पाया और उसने मुझे दूसरे साल में पढ़ाई छोड़ने से बचाने के लिए एक हजार डॉलर उधार दिए।”


