अमेरिका में साकेत श्रीनिवासैया नाम के भारतीय युवक की मौत हो गई है। साकेत यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले का स्टूडेंट था। कर्नाटक का रहने वाला साकेत छह दिनों से लापता था, अब सैन फ्रांसिस्को से इसका शव मिला है।
साकेत श्रीनिवासैया के रूममेट बनीत सिंह ने अपने दोस्त की मौत की खबर को लेकर कई खुलासे किए हैं और साकेत की मानसिक स्थिति के बारे में भी बताया है।
साकेत श्रीनिवासैया के दोस्त ने खोले कई राज
बनीत सिंह ने लिंक्डइन पोस्ट में लिखा, ‘हेलो, मेरे बर्कले के रूममेट साकेत श्रीनिवासैया की मौत हो गई है, उसे बर्कले हिल्स के पास लेक अंजा में मृत पाया गया।’ श्रीनिवासैया को आखिरी बार टिल्डेन रीजनल पार्क में लेक अंजा के पास ही देखा गया था।
बनीत सिंह ने बताया कि वो अथॉरिटी के साथ मिलकर इमरजेंसी वीजा के जरिए साकेत की फैमिली को भारत से अमेरिका लाने की प्लानिंग कर रहा था।
साकेत के बर्ताव में बदलाव
सिंह ने पोस्ट में आगे लिखा, दो हफ्ते पहले साकेत को किसी भी टेंशन में नहीं देखा। लेकिन उसने खाना कम कर दिया था, वो केवल चिप्स और कुकीज खा रहा था। सिंह ने बताया कि साकेत लोगों से मिलजुल भी कम रहा था।
बनीत सिंह ने आगे बताया, ‘साकेत श्रीनिवासैया ने 21 जनवरी को मुझे लेक अंजा पर बुलाया था, लेकिन आलस की वजह से मैं वहां नहीं गया।’
साकेत और बनीत सिंह की आखिरी बात
सिंह ने साकेत के साथ अपनी आखिरी मुलाकात याद करते हुए बताया, ‘मैंने साकेत से पूछा, तुम क्लास में रोब क्यों पहन रहे हो? तब श्रीनिवासैया ने जवाब दिया, यार, मुझे परवाह करना बंद हो गया है। मुझे ठंड लगती है और मुझे परवाह नहीं है कि कोई मेरे बारे में कौन क्या सोचता है। मुझे किसी चीज की परवाह नहीं है।’


