100 करोड़ से इसी माह शुरू होगा बागेश्वरी गुमटी आरओबी का निर्माण, 22 को व‍िधानसभा अध्‍यक्ष करेंगे भूमि पूजन

1608 Shares

 गयाजी के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। गया–पटना सड़क मार्ग पर बागेश्वरी गुमटी पर बनने वाले आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) की बहुप्रतीक्षित प्रतीक्षा अब समाप्त होने जा रही है।

इसी माह करीब 100 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य शुरू होगा, जबकि 22 फरवरी को भूमि पूजन किया जाएगा। शनिवार देर शाम जिला अतिथि गृह में आयोजित विभागीय बैठक में बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह नगर विधायक डा. प्रेम कुमार ने आरओबी निर्माण शीघ्र शुरू करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि निर्माण से पहले भारी वाहनों के लिए डायवर्जन आवश्यक है।

इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि डायवर्जन मार्ग ऐसा तय किया जाए, जिससे वाहन चालकों को किसी तरह की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा से मिली रफ्तार

गौरतलब है कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान नगर विधायक ने बागेश्वरी गुमटी पर लगने वाले जाम से निजात के लिए आरओबी का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री ने इसे स्वीकार करते हुए आधारशिला रखी थी, जिसके बाद निर्माण प्रक्रिया तेज हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *