हल्द्वानी में नशे में बाइक से चिकित्सा अधीक्षक हरभजन को मारी टक्कर, आरोपित चालक हिरासत में

1413 Shares

 नैनीताल रोड समीप ठंडी सड़क स्टंटबाजों का अड्डा बन गई है। तीन दिन पहले युवकों के बुलेट बाइक से खतरनाक तरीके से स्टंट बाजी करने के बाद गुरुवार की रात तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक की चपेट में कृष्णा अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक हरभजन सिंह को बुरी तरह से टक्कर मार दी गई।

रफ्तार इतनी तेज थी कि हरभजन छिटककर काफी दूर जाकर गिरे। जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मेडिकल जांच में सामने आया कि बाइक सवार नशे में था।शुक्रवार को कृष्णा अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक हरभजन को टक्कर मारने वाले दोपहिया वाहन चालक पर केस दर्ज कर दिया गया है।

युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, साथ ही उसकी बाइक भी सीज कर दी गई है। शुक्रवार को गुरुनानकपुरा भोटिया पड़ाव निवासी डा. गगनदीप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उनके पिता डा. हरभजन सिंह चिकित्सा अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

गुरुवार की रात लगभग नौ बजे वह ठंडी सड़क पर निकले। जिसपर तेज गति से आए एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि डा. हरभजन को टक्कर मारने वाला युवक पुलिस हिरासत में है।युवक का मेडिकल कराया गया, जिसपर वह नशे में भी पाया गया है। इधर, डा. हरभजन के सड़क हादसे के बाद उनसे मिलने काफी संख्या में अस्पताल में तीमारदार पहुंचे हैं।

ठंडी सड़क में वाहनों की रफ्तार धीमी करने के लिए बनेंगे 13 स्पीड ब्रेकर

ठंडी सड़क में शाम होते ही सड़क खाली हो जाती है। इसके बाद यहां युवक तेज रफ्तार बाइकें दौड़ाते हुए नजर आते हैं।

गुरुवार को डा. हरभजन के सड़क हादसे के बाद शुक्रवार को नैनीताल रोड स्थित ठंडी सड़क पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने निरीक्षण किया।

साथ ही उन्होंने ठंडी सड़क की हर संभावित परिधि में स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। कहा कि सड़क में कट के पास करीब 13 जगहों पर ब्रेकर लगाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *