दिल्ली पुलिस ने पकड़ा तांबे के तार चुराने वाला इंटरस्टेट गैंग, मोबाइल नहीं ‘वॉकी-टॉकी’ से करते थे बात; 5 अरेस्ट

1697 Shares

महरौली थाने की टीम ने दिल्ली-एनसीआर में बिजली की दुकानों को निशाना बनाकर सिलसिलेवार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

गिरोह के पांच चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति, वाहन, संचार उपकरण और चोरी के उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी के 18 मामले सुलझा लेने का दावा किया है।

दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 12 व 13 मई की दरम्यानी रात चोरों ने इग्नू रोड पर एक बिजली की दुकान का शटर तोड़ दिया और तांबे के तार के बंडल और नकदी चुरा ली। शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

नकली रजिस्ट्रेशन प्लेट लगी स्कोडा फैबिया वारदात में करते थे इस्तेमाल

एएसआई पंकज राजोरा, हेड कांस्टेबल राजू सैनी, सतीश व कांस्टेबल राहुल पंवार की टीम गठित की गई। एसएचओ रितेश शर्मा की निगरानी व एसीपी महरौली सोमनाथ परुथी के निर्देशन में टीम ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए और स्थानीय खुफिया जानकारी विकसित की। जांच से पता चला कि आरोपित चोरी करने के लिए नकली रजिस्ट्रेशन प्लेट लगी स्कोडा फैबिया का इस्तेमाल करते थे।

निरंतर निगरानी के दौरान, आरोपित सोनू को एक स्विफ्ट डिजायर के साथ पकड़ा गया, जिससे चोरी किए गए तांबे के तार के 22 बंडल और दुकान के शटर तोड़ने के लिए इस्तेमाल किए गए दो सब्बल बरामद हुए। उसके खुलासे के आधार पर आरिफ और चांद को गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल फोन नहीं वॉकी-टॉकी का करते थे इस्तेमाल

आगे की जांच गिरोह के मास्टर माइंड अयूब और उबैस की गिरफ्तारी में समाप्त हुई। आरोपितों ने बताया कि वे रात के समय इलेक्ट्रिक दुकानों को निशाना बनाते थे और तांबे के तार चुराते थे।

पुलिस निगरानी से बचने के लिए मोबाइल फोन से बचते हुए संचार के लिए वॉकी-टॉकी सेट और इंटरनेट डोंगल का इस्तेमाल करते थे। चुराए गए तांबे के तार को बेच कर प्राप्त रकम का उपयोग वाहन खरीदने में किया।

जांच में दिल्ली-एनसीआर में 18 चोरी के मामलों में गिरोह की संलिप्तता स्थापित हुई। फरार आरोपी अकबर की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। महरौली थाने की टीम फरार आरोपियों को पकड़ने और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

इन आरोपितों को किया गया है गिरफ्तार

1. चांद पुत्र आस मोहम्मद निवासी न्यू विकास नगर, लोनी, यूपी, उम्र 30 साल
पिछली भागीदारी: शून्य

2. आरिफ पुत्र आस मोहम्मद निवासी न्यू विकास नगर, लोनी, यूपी, उम्र 26 साल।
पिछली भागीदारी: शून्य

3. सोनू पुत्र नबाब अली निवासी ग्राम खेड़ा, शहादरा, दिल्ली, उम्र 32 वर्ष।
पिछली भागीदारी: शून्य

4. अयूब पुत्र आस मोहम्मद निवासी अमन विहार, न्यू विकास नगर, लोनी, यूपी, उम्र 34 साल।
पिछली भागीदारी: तीन मामले दर्ज

5. उबैस पुत्र इशराक अली निवासी बृजपुरी, दिल्ली उम्र 26 वर्ष।

पिछली भागीदारी: एक मामला दर्ज

आरोपितों के पास बरामद सामान

  • 24 बंडल तांबे के तार
  • 3,98,915 रुपये नकद
  • स्विफ्ट डिजायर कार
  • स्कोडा फैबिया
  • सुजुकी एक्सेस स्कूटर
  • तीन फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेटें
  • दो वॉकी-टॉकी सेट
  • एक एयरटेल इंटरनेट डोंगल
  • दो सब्बल (लोहे की छड़ें)
  • पांच मंकी कैप्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *