डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की दो टूक चेतावनी, बिहार के अपराधी सुधर जाएं या नेपाल की तराई पकड़ें

2.2kViews
1681 Shares

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को लेकर सख्त और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध से नाता रखने वाले लोग या तो सुधर जाएं, नहीं तो पड़ोसी देश नेपाल के तराई क्षेत्र की राह पकड़ लें। सरकार अपराध के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगी और जो नहीं मानेंगे, उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कर उन्हें समाप्त कर दिया जाएगा।

हौसला पस्त करने की तैयारी

उप मुख्यमंत्री पीपराकोठी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के अटल सभागार में आयोजित तीन दिवसीय लघु एवं सीमांत कृषक कार्यशाला सह मात्स्यिकी, यांत्रिकी, वागवानी एवं पशु मेला के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपराध नियंत्रण के लिए बिहार अपराध नियंत्रण विधेयक जैसे कड़े कदम उठाए हैं, ताकि अपराधियों के हौसले पूरी तरह पस्त किए जा सकें।

1.70 करोड़ का शून्य बिजली बिल

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों और आम लोगों के हित में लगातार काम कर रही है। बीते 20 दिनों में बिहार के 50 लाख किसानों ने निबंधन कराया है। उन्होंने बताया कि राज्य में 2.14 करोड़ विद्युत उपभोक्ता हैं, जिनमें 1.70 करोड़ उपभोक्ताओं का शून्य बिजली बिल आ रहा है। यह सरकार की जनहितकारी नीतियों का परिणाम है।

चीनी मिलों पर काम इसी वर्ष से

उन्होंने पूर्वी चंपारण के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इसी वर्ष मोतिहारी और चकिया चीनी मिल पर काम शुरू होगा। इसके साथ ही मोतिहारी से रक्सौल और पटना से बेतिया फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रक्सौल में बड़े एयरपोर्ट और मोतिहारी में छोटे एयरपोर्ट के निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योग, कृषि और आधारभूत संरचना को मजबूत कर बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। पूर्वी चंपारण में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां प्रभु श्रीराम के साथ महादेव भी विराजमान होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *