प्रयागराज में हाई कोर्ट पानी टंकी के पास बनेगा नया ROB, जर्जर हो चुके पुराने को ढहाया जाएगा, आसान होगा आवागमन
हाई कोर्ट पानी टंकी के सामने का जर्जर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के स्थान पर नया ओरओबी बनाने के लिए शुक्रवार को शासन से मंजूरी मिल गई। 51.50 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से आरओबी का निर्माण किया जाएगा। 11.58 करोड़ रुपये से अधिक की पहली किस्त 12 फरवरी को जारी कर दी गई।
सेतु निगम कराएगा निर्माण
जर्जर हो चुके पुराने आरओबी को ढहाया जाएगा। उसके बाद टू लेन नए आरओबी का निर्माण सेेतु निगम करेगा। आरओबी निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया मार्च में शुरू हो जाएगी। शासन के पास सेतु निगम की ओर से जर्जर आरओबी के स्थान पर नया आरओबी बनाने का प्रस्ताव मई 2025 में भेजा गया था।
दो वर्ष में पूरा होगा आरओबी का निर्माण
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक का कहना है कि जून में नए आरओबी का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसका निर्माण दो वर्ष में पूरा किया जाएगा। पानी टंकी के पास लगभग 60 वर्ष पहले बने आरओबी का निर्माण किया गया था। जो नए शहर को पुराने शहर से जोड़ता है। समय के साथ आरओबी जर्जर हो गया। वर्ष 2024 में लोक निर्माण विभाग ने इस आरओबी को जर्जर घोषित कर दिया था। सुरक्षा की दृष्टि से इस आरओबी पर नवंबर 2024 से चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया।
प्रतिदिन 50 हजार से अधिक गुजरते हैं वाहन
पानी की टंकी के सामने बना आरओबी खुशरोबाग के सामने निकलता है। 550 मीटर लंबे आरओबी से प्रतिदिन 50 से 60 हजार छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। आरओबी का निरीक्षण 12 जनवरी 2024 को पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम की टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया था। इसके बाद 25 जनवरी को लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता पीके राय, उत्तर मध्य रेलवे ब्रिज लाइन के योगेश सक्सेना, पीडब्ल्यूडी के मनोज कुमार और रेलवे के सहायक मंडल अभियंता लाइन आरपी सिंह ने संयुक्त निरीक्षण किया।
आरओबी से पुराने शहर से सिविल लाइंस आने हैं लोग
निरीक्षण के दौरान पुल का गार्डर एवं स्लैब क्षतिग्रस्त पाया गया। जर्जर आरओबी के बगल में वर्ष 2018 में नया आरओबी बनाया गया। अभी उसी से आवागमन चल रहा है। पुराने शहर से हाई कोर्ट की ओर आने वाले नए आरओबी का प्रयोग सिविल लाइंस् की तरफ आने में लोग करते हैं।


