इटावा के केशव अवस्थी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने, 22वीं रैंक मिली; दादा का सपना किया पूरा
महेवा क्षेत्र के छोटे से गांव बीरपुर के होनहार छात्र केशव अवस्थी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
केशव ने आल इंडिया मेरिट में 22 वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन टेक्निकल ट्रेड में बेंगलुरु स्थित साउथ सिलेक्शन सेंटर से हुआ है।उनके पिता राजा अवस्थी गांव में ही सेंट्रल बैंक की वीसी (विलेज कामन सर्विस सेंटर) का संचालन करते हैं।
केशव बेंगलुरु में एक फ्रेंच इन्वेस्टमेंट बैंक में साफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। इसी दौरान उन्हें जर्मनी से एमएस (मास्टर्स) के लिए ऑफर भी मिला था।
उन्होंने जर्मनी में पढ़ाई का सुनहरा अवसर छोड़ भारतीय सेना में जाने का कठिन किंतु गौरवपूर्ण मार्ग चुना। उनकी दादी कमलेश अवस्थी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके दिवंगत पति स्व. ह्दय नारायण अवस्थी की इच्छा आज पूरी कर दी है।
इस उपलब्धि पर आशुतोष दीक्षित, धीरेन्द्र अवस्थी, प्रभात तिवारी, मनोज तिवारी, गुड्डू मिश्रा, जितेंद्र अवस्थी सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों ने राजा अवस्थी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


