बिना अभिवहन पास गिट्टी-डस्ट का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, सिंगरौली खनिज विभाग की कार्रवाई

5.2kViews
1247 Shares

सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार एवं खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में मंगलवार, 30 जून 2026 को खनिज विभाग की टीम ने बिना वैध अभिवहन पास गिट्टी-डस्ट का परिवहन करते हुए एक बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया।

जानकारी के अनुसार, खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा द्वारा नियमित जांच के दौरान वाहन की जांच की गई। जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा गिट्टी-डस्ट का परिवहन बिना वैध अभिवहन पास के किया जा रहा था। साथ ही वाहन पर पंजीयन नंबर भी अंकित नहीं था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन को तत्काल जब्त कर पुलिस थाना कोतवाली वैढ़न में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

खनिज विभाग ने बताया कि जब्त किए गए वाहन के विरुद्ध मध्यप्रदेश के प्रचलित खनिज नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने खनिज परिवहन से जुड़े सभी वाहन संचालकों एवं खनिज व्यवसायियों से अपील की है कि वे केवल वैध अभिवहन पास एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही खनिज का परिवहन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध जब्ती, जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *