मदार गेट पुलिस चौकी के पीछे स्थित ताला मार्केट में मंगलवार को एक पुराने जर्जर मकान को तोड़ते समय अचानक उसकी छत भरभराकर गिर गई। हादसे में दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
सूचना मिलते ही थाना सासनीगेट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में दोनों घायलों का उपचार कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों मजदूरों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब पुराने खंडहरनुमा मकान को मजदूरों द्वारा गिराया जा रहा था। इसी दौरान मकान की छत अचानक ढह गई और दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मलबे में दबे दोनों मजदूरों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों को गंभीर चोट नहीं आई है तथा मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है।


